उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कुछ अप्रत्याशित करने की संभावना के बीच में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 18वीं विधानसभा के गठन के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। 125 प्रत्याशियों की पहली सूची में 50 महिलाओं का नाम है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को पार्टी के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है। 125 प्रत्याशियों की इस सूची में 50 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रत्याशियों की सूची जारी की है। माखी दुष्कर्म कांड पीड़ता की मां को कांग्रेस ने उन्नाव की सदर सीट से टिकट दिया है। उन्नाव में सदर से माखी दुष्कर्म पीडि़ता की मां आशा सिंह, मोहान से मधु रावत तथा बांगरमऊ से आरती बाजपेई को टिकट दिया गया है।
सलमान खुर्शीद की पत्नी और प्रमोद तिवारी की बेटी को टिकट
फर्रुखाबाद से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास सीट से अराधना मिश्रा मोना को टिकट दिया गया है। मोना कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वहीं शाहजहांपुर से आशा वर्कर पूनम पांडेय को मौका दिया गया है। नोएडा से पंखुड़ी पाठक को उतारा गया है।
कुछ पत्रकारों को भी मिला टिकट
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमारे उम्मीदवारों की सूची एक नया संदेश भी है। हमने 40 प्रतिशत महिलाओं के साथ ही 40 प्रतिशत युवाओं को भी प्रत्याशी बनाया है। हमें आशा है कि इनके जरिए हम एक नई तरीके की राजनीति करेंगे। महिलाओं में जो टिकट दिए हैं, उसमें कुछ पत्रकार हैं तो एक-दो अभिनेत्री हैं। समाजसेवी महिलाओं की सूची में वह महिलाएं भी शामिल है जिन्होंने संघर्ष किया है और उन पर अत्याचार भी हुआ है।
कानपुर के किदवई नगर से अजय कपूर, कैंट से सोहेल अंसारी, आर्य नगर से प्रमोद जायसवाल, बिल्हौर से उषा रानी कोरी, महाराजपुर से कनिष्क पांडे को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। बाकी सीटों पर अभी मंथन चल रहा है। गोविंदनगर सीट पर शैलेंद्र दीक्षित व करिश्मा सिंह के बीच कांग्रेस में बहस चल रही है। बिल्हौर से ऊषा रानी कोरी प्रत्याशी बनाई गई हैं। वह कांग्रेस ग्रामीण इकाई की अध्यक्ष रह चुकी हैं। आर्यनगर से प्रमोद जायसवाल को टिकट मिला है। प्रमोद पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के भाई हैं। महोबा सदर विधानसभा से चौधरी सागर सिंह कांग्रेस से होंगे उम्मीदवार।
0 Comments